Breaking
11 Nov 2025, Tue

जिले के किसानों को वितरित की गई 25 करोड़ 2 लाख 89 हजार रूपये की राहत राशि

सिवनी। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार अन्न दाताओं के हित में लगातार कार्य कर ही है। सरकार सदैव किसानों के सुख-दुख में उनके साथ है। उनकी मेहनत से उत्पादित फसल का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही प्राकृतिक आपदा के कारण खराब हुए फसलों की नुकसानी की भरपाई के लिए भी सरकार आगे आई है। यह बात सांसद डॉ ढालसिंह बिसेन द्वारा नगरपालिका मानस भवन सिवनी में आयोजित हुए जिलास्तरीय किसान सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहे गए। उक्त कार्यक्रम में विधायक सिवनी दिनेश राय, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास फटिंग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी सुनील दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक तथा आमजनों की उपस्थिति रही।

सांसद डॉ बिसेन ने कहा कि कृषि की लागत को कम कर उत्पादकता को बढ़ाने के साथ‍ ही किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सरकार सदैव कार्य कर रही है। वहीं किसान सम्मान निधि, किसान बीमा, समर्थन मूल्य में फसलों की खरीदी के साथ ही किसानों के लिए बिना ब्याज के ऋण की सुविधा भी शासन ने उपलब्ध कराई है। जो कृषकों के प्रति शासन की कृतज्ञता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में शासन द्वारा लाए गए कृषि बिल किसान हितैषी है जिसके लागू हो जाने से किसानों को उनके फसल का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही अन्य सुविधाएं भी निश्चित रूप से मिलेगी। इन बिलों को लेकर वर्तमान में विभिन्न प्रकार भ्रांतियाँ फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन पर किसान ध्यान न दे कर बिल का समर्थन करें।

विधायक सिवनी दिनेश राय ने कहा कि प्रदेश शासन ने सदैव सर्वाहारा वर्ग के विकास की दिशा में कार्य किया है। किसानों के हित में भी अनेकों योजनाओं को मैदानीस्तर में लागू कर सरकार ने किसानों को आर्थिक व सामाजिक रूप से सुदृढ़ करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के 33 लाख से अधिक किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुई नुकसानी के लिए 1600 करोड़ रूपये की राहत राशि का वितरण किया जाना निश्चित रूप से हर्ष का विषय है। जो प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए किसानों व उनके परिवारों को बड़ी राहत देने का कार्य करेंगे। जिलास्तरीय कार्यक्रम में रायसेन जिले से प्रसारित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाईव संबोधन को सभी के द्वारा देखा व सुना गया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को भी सभी ने देखा व सुना। सिवनी जिले में जिलास्तरीय कार्यक्रम के साथ ही विकासखण्ड व ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा लाभार्थी कृषकों को प्रतिकात्मक रूप से सर्टिफिकेट के वितरण किए गए। जिले में प्राकृतिक आपदा के कारण हुई फसल नुकसानी की राहत राशि वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 75 हजार 209 किसानों को प्रथम किस्त के रूप में 25 करोड़ 2 लाख 89 हजार रूपये की राहत राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भुगतान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *