सिवनी। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को सिवनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय में पदस्थ एक रीडर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक प्रकरण में आवेदक के पक्ष में निर्णय कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम गंगादाना, तहसील छपारा निवासी संतोष सिंह सिसोदिया ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी पैतृक भूमि पर लगे जामुन एवं अन्य वृक्षों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काट दिया गया था। मामले की शिकायत संबंधित थाने में की गई थी, वहीं विरोधी पक्ष द्वारा एसडीएम कार्यालय लखनादौन में शिकायत किए जाने पर उनके विरुद्ध निर्णय पारित हो गया था। इसके बाद उन्होंने एडीएम कार्यालय में अपील प्रस्तुत की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि एडीएम कार्यालय लखनादौन में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 एवं रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने अपील प्रकरण में उनके पक्ष में निर्णय कराने के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह राशि 20 हजार रुपये में तय हुई।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद मंगलवार 16 जून को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रीडर माधव प्रसाद तिवारी को एडीएम कार्यालय सिवनी स्थित उपभोक्ता फोरम भवन के पोर्च में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में टीएलओ निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही।
20 हजार की रिश्वत लेते धराया रीडर एडीएम कार्यालय में अपील प्रकरण में पक्ष में फैसला कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले रीडर को लोकायुक्त ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति रही।
ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

