test
Breaking
19 Apr 2026, Sun

सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग में रात को ट्रक-ऑटो की जोरदार टक्कर, एक मृत तीन घायल

सिवनी। लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की रात लगभग 10:15 बजे सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग पर ट्रक व ऑटो की भीषण टक्कर होने से ऑटो के जहां परखच्चे उड़ गए वहीं घटना स्थल पर ऑटो में सवार एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। तथा एक गंभीर रूप से घायल समेत शेष अन्य तीन घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही लखनवाड़ा थाना से थाना प्रभारी व एसडीओपी सुश्री पारुल शर्मा मौके पर पहुंची।
पुलिस ने फरार ट्रक व ट्रक चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। लखनवाड़ा थाना प्रभारी जीएस उइके ने बताया कि सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग पर आरटीओ बैरियर से लगभग 150 मीटर दूरी पर छिंदवाड़ा दिशा से तेज रफ्तार से सिवनी की ओर आ रहे एक ट्रक चालक ने सिवनी से गांव पीपरडाही जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। रात में हुई इस भीषण टक्कर से ऑटो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गये। वहीं ट्रक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। टीआई ने बताया कि मृतक पीपरडाही के हैं। घटनास्थल में मृतक का नाम प्रीतम सिंह चंद्रवंशी (55) की शिनाख्त हुई है। वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल की मौत जिला अस्पताल में होने की बात भी बताई जा रही है। हालांकि दूसरे मृतक की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। सभी तीनों घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया जहां उनका उपचार जारी है। ऑटो में सब्जी व गैस सिलेंडर रखा था। ट्रक को पकड़ने पुलिस ने नाकेबंदी कर दिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज से ट्रक का नंबर पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल पर रात 12:00 बजे तक लखनवाड़ा थाना पुलिस मौजूद होकर लिखा पढ़ी की कार्यवाही में जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *