सिवनी। लखनवाड़ा थाना अंतर्गत गांव जैतपुर निवासी व छिंदवाड़ा जिले के चौरई अनुभाग के चांद पुलिस थाने में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विजय बघेल (46) की हत्या का मामला सामने आया है। चौरई में हत्या करने के बाद पुलिस कर्मी का शव सिवनी जिले के बम्होड़ी गांव स्थित खाली प्लाट में दफना दिया गया। हत्या के पीछे उधारी के 12 लाख रुपये के लेनदेन की बात सामने आ रही है। गुरुवार को दोपहर लगभग 6 फिट गहरे गड्ढे से शव निकाला गया।
चांद थाना में पदस्थ कार्यवाहक पुलिस आरक्षक की हत्या के मामले में सिवनी के बारापत्थर निवासी भाजपा के उत्तर मंडल नगर मंत्री राहुल नेमा का नाम सामने आया है। इस मामले में चौरई थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा ने बताया है कि राहुल नेमा व अन्य संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिवनी जिले के जैतपुर गांव निवासी विजय बघेल की करीब एक पखवाड़े पूर्व छिंदवाड़ा पुलिस लाइन से चांद थाना में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के पद पर पोस्टिंग की गई थी। दो दिन पहले 21 सितंबर को पुलिस कर्मी विजय बघेल ड्यूटी के बाद घर जाने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। मृतक के स्वजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद चौरई के पास मृतक की बाइक पुलिस ने बरामद की। मामले की जांच के दौरान सिवनी के बारापत्थर क्षेत्र में रहने वाले एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
छह घंटे बाद निकाला गया शव – संदेह के आधार पर हिरासत में लिए युवक की निशानदेही पर चौरई पुलिस आरोपित को साथ लेकर सिवनी जिले के बम्होड़ी गांव पहुंची। यहां डूंडासिवनी पुलिस की मदद से दफनाये गये शव को निकालने की कार्रवाई की गई। सुबह करीब 7 बजे से शुरू की गई कार्रवाई व कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे मृतक पुलिस कर्मी का शव तकरीबन चार फीट गहरा गड्डा जेसीबी मशीन से खोदकर निकाला गया।
मौके पर ही किया गया पीएम – कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस वर्दी में मिले मृतक विजय बघेल के शव की हालत को देखते हुए मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की गई। बरघाट से आई डाक्टरों की टीम ने मृतक पुलिस कर्मी का पीएम करने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया।
प्लाट खरीदने के लेनदेन पर हुआ था विवाद – जानकारी के मुताबिक मृतक पुलिस कर्मी व हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक के बीच प्लाट खरीदने की प्रक्रिया में 10 से 12 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मी विजय बघेल की हत्या कर दी। इसके बाद बम्होड़ी गांव में स्थित जिस प्लाट के क्रय विक्रय को लेकर विवाद चल रहा था। उसी प्लाट पर हिरासत में लिए गए संदिग्ध व्यक्तियों ने रातों रात जेसीबी मशीन बुलाकर प्लाट काटने के नाम पर गहरा गड्डा खुदवा लिया और फिर इस गड्डे में विजय बघेल के शव को दफना दिया। बाद में उस गड्डे को मुरम डालकर पुरवा दिया।
मौके स्थल पर लगी भीड़ – दफनाए गए शव को निकालने की कार्रवाई के दौरान बम्होड़ी व आसपास गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ के रूप में एकत्रित होते रहे। कई बार पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। हर आधा एक घंटे में भीड़ वापस जुट रही थी जिसे पुलिस बार-बार खदेड़ती रही।
जल्द होगा खुलासा – इस मामले में चौरई एसडीओपी पीएस वालरे ने बताया कि फिलहाल चांद थाना में पदस्थ रहे कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विजय बघेल की हत्या के आरोप में संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनकी ही निशानदेही पर बम्होड़ी में दफनाए गए मृतक पुलिस कर्मी के शव को निकलवाया गया है। संदिग्धों से पूछताछ के बाद जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होने बताया कि तकरीबन 12 लाख रुपये की उधारी को लेकर हत्या की गई है।
भाजपा की सदस्यता से किया निष्कासित – भाजपा के नगर मंत्री राहुल नेमा को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता व पद से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि सिवनी उत्तर मंडल नगर अध्यक्ष संजय सोनी की अनुशंसा पर भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे ने राहुल नेमा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व दायित्वों से मुक्त कर दिया है।
इस मामले में एएसपी सिवनी श्याम सिंह मरावी ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले में पदस्थ पुलिस कर्मचारी की हत्या कर शव को सिवनी के बम्होड़ी क्षेत्र में दफनाने का मामला सामने आया है। जिला पुलिस बल द्वारा प्रकरण में छिंदवाड़ा जिले की पुलिस का सहयोग किया जा रहा है। चौरई पुलिस मामले की जांच कर रही है।



— — — — — — — — — — — — — — — — — — — — — ताजासमाचार पढ़ने के लिए न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं, या 94 2462 9494 सेव कर ज्वाइन की लिंक मांग सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।