कई किसानों को नुकसान, नरेला के अन्नपूर्णा वेयर हाउस में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, पक्षपात के भी आरोप
सिवनी। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं के बीच शुक्रवार को नरेला स्थित अन्नपूर्णा वेयर हाउस में एक और गंभीर मामला सामने आया। सुबह हुई बारिश के चलते वेयर हाउस परिसर में रखी किसानों की गेहूं पानी में भीग गई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। किसानों का आरोप है कि वेयर हाउस प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह स्थिति निर्मित हुई।
जानकारी के अनुसार किसानों की गेहूं को तिरपाल से ढंककर रखा गया था, लेकिन वेयर हाउस की छत से पाइप के जरिए तेज़ी से बहता पानी सीधे गेहूं के ढेरों पर गिरता रहा। इससे कई किसानों की उपज भीग गई। मौके पर मौजूद किसान सुधीर तिवारी ने बताया कि उनकी लगभग 250 क्विंटल गेहूं जमीन पर रखी हुई थी, जिसमें से करीब 15 क्विंटल गेहूं बारिश के पानी से खराब हो गई।

किसानों ने बताया कि वेयर हाउस में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम को देखते हुए भी प्रबंधन द्वारा पानी निकासी और सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते उचित इंतजाम किए जाते तो नुकसान टाला जा सकता था।
मौके पर मौजूद कई किसानों ने वेयर हाउस प्रबंधन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप भी लगाए। किसानों का कहना है कि रसूखदार किसानों का गेहूं सांठगांठ कर पहले तौल लिया जाता है, जबकि छोटे और सामान्य किसानों को लंबे समय तक इंतजार कराया जाता है। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी बारी आने के बावजूद उन्हें बार-बार रोका जा रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही कलेक्टर नेहा मीना ने जिले के कई वेयर हाउस संचालकों को अव्यवस्थाओं को लेकर नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद नरेला के अन्नपूर्णा वेयर हाउस में सामने आई यह लापरवाही प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी मानी जा रही है।
अब किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब हुई गेहूं का सर्वे कराया जाए, नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा वेयर हाउस प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसानों की उपज सुरक्षित रह सके।
ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

