सिवनी। विगत दिवस विश्वगीताप्रतिष्ठानम् सिवनी द्वारा श्री महामाया मंदिर भैरोगंज में आद्य जगतगुरु शंकराचार्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह का भव्य आयोजन बलराम दुबे की अध्यक्षता एवं अधिवक्ता राघवेंद्र शर्मा, अध्यक्ष अखिल भारतीय एकीकृत परिषद सिवनी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। सर्वप्रथम अतिथि गणों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर आदि शंकराचार्य जी का पूजन अर्जन किया गया।
अतिथि स्वागत उपरांत विश्वगीताप्रतिष्ठानम् के जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद दुबे ने संगठन एवं प्रतिष्ठान के द्वारा बनाए जाने वाले उत्सवों पर प्रकाश डाला। विवेचक सुधीर सिंह ठाकुर ने शंकराचार्य जी का जीवन वृत प्रस्तुत कर भज गोविंदम मूढ़ मते के रहस्य को उद्घाटित किया।
गीता प्रशिक्षण प्रमुख जगदीश प्रसाद मालवीय ने श्रीमद्भगवत् गीता पर आद्य शंकराचार्य जी के गीता भाष्य एवं अन्य आचार्यो के भाष्य का तुलनात्मक विवेचन प्रस्तुत किया, साथ ही श्री शंकराचार्य विरचित श्री शिव मानसपूजा तथा श्री नर्मदा अष्टक के परिचयात्मक पदों का सस्वर गायन प्रस्तुत किया। आदि शंकराचार्य जी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए विशिष्ट अतिथि राघवेंद्र शर्मा ने बतलाया कि श्री शंकराचार्य जी के कारण ही आज सनातन का अस्तित्व है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में बलराम दुबे जी ने शंकराचार्य जी के बतलाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी । मंच का प्रभावी संचालन श्रीमद् भगवत् गीताअध्येता गणेश वर्मा ने किया। संगठन के कोषाध्यक्ष ताराचंद मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन में मुन्नालाल बघेल, श्याम सुंदर पांडे , हीरामन तिवारी, रामेश्वर प्रसाद दुबे, पंडित अर्जुन मिश्रा , भरत सनोडिया ,अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद के संयोजक संजय मिश्रा, अवधेश तिवारी एवं अंशुल अवस्थी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

