स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और बेटी बचाओ अभियान की जगा रहे अलख
सिवनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष आवासीय सेवा शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत बकौड़ी में किया जा रहा है. 24 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित इस शिविर में कॉलेज के युवा छात्र-छात्राएं शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव के हर घर तक पहुंचाने के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ अभियान का संदेश भी दे रहे हैं. एनएसएस के स्वयंसेवी विद्यार्थियों के एकजुट सेवा-भाव से ग्रामवासी भी खासे प्रभावित हैं।
प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग के संरक्षण-मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारी प्रो. गनेश मंतारे एवं प्रो. रंजीता कमलेश के नेतृत्व में एनएसएस की पुरुष एवं महिला इकाई के युवा छात्र छात्राएँ ग्राम पंचायत बकौड़ी के बटामा, टिकारी एवं अन्य गांवों में जन-जागरूकता का संदेश घर-घर पहुँचा रहें हैं। गांव के प्रमुख स्थानों, मंदिर सहित पंचायत भवन तथा विद्यालय परिसर की साफ सफाई शिविरार्थियों ने की। प्रतिदिन सुबह पांच बजे प्रभात-फेरी निकालकर नारों के माध्यम से शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी युवा ग्रामीणों को दी।
मतदाता जागरूकता के माध्यम से युवा विद्यार्थियों ने लोगों को मतदान का महत्व समझाया. किसानों को खेती-किसानी की वैज्ञानिक जानकारी देते हुए कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया. गांव की नालियों और गढ्ढों की सफाई के साथ ही दीवारों पर नारा लेखन भी छात्र-छात्राओं ने किया।
डिजिटल साक्षरता पर विचार विमर्श और सांस्कृतिक संध्या का भी हुआ आयोजन – शिविर के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाले बौद्धिक कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा’ के अंतर्गत युवा छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने विचार रखे।
बौद्धिक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए डॉ. पवन वासनिक ने कहा कि डिजिटल साक्षरता समय की मांग है. प्रोफेसर सत्येन्द्र शेन्डे ने कहा कि हमें ऐप डाउनलोड करते समय सभी प्रकार की सावधानी रखनी चाहिए. डाॅ. श्याम सिंह राहंगडाले ने कहा कि युवाओं को फिशिंग से बचना चाहिए. प्रो. दिनेश कुमार चित्रिव ने बताया कि डिजिटल और साइबर सिक्योरिटी बेहद जरूरी है. लाॅ काॅलेज के प्राचार्य डॉ राकेश चौरासे ने डिजिटल साक्षरता और जागरूकता के संबंध में विधिक जानकारी दी.
प्रो. रंजीता कमलेश ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिदिन संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज की कुरीतियों और अंधविश्वास के प्रति ग्रामीण महिलाओं और जनता को जागरूक किया गया।
शिविर के आयोजन में जन भागीदारी शिक्षक उमा शंकर वर्मा, नीलेश्वरी बिसेन, नीलम कश्यप, पूर्व स्वयंसेवी छात्र संदीप उइके सहित महेंद्र तेकाम, सुरेश यादव, और बिंदु विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।
भोपाल से आकर पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ पूनम अहिरवार ने बढ़ाया हौसला। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस की राष्ट्रीय सेवा योजना (महिला) इकाई की पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम अहिरवार ने रासेयो के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया. वर्तमान में डॉ. पूनम भोपाल के हमीदिया कॉलेज में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि सिवनी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई से उन्हें बेहद भावनात्मक लगाव है. जैसे ही उन्हें विशेष शिविर की ख़बर मिली, वे स्वयं को आने से रोक नहीं पाईं. राष्ट्र और समाज सेवा की प्रेरणा-स्रोत अपनी पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम को देखकर स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं बेहद प्रसन्न हुए।
कॉलेज की युवा छात्र-छात्राओं में अनुशासन तथा राष्ट्र एवं समाज सेवा की भावनाओं को बढ़ावा देने तथा समाज में प्रचलित बुराइयों के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित रासेयो के विशेष शिविर में लगभग 80 छात्र छात्राओं ने सहभागिता करते हुए समाज सेवा की मिसाल पेश की।
सात दिवसीय शिविर में समय-समय पर जन भागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय, प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग, डॉ. मानसिंह बघेल, डॉ. मनोज टेंभरे, डॉ. आर के नायक, स्पोर्ट्स ऑफिसर के. सी. राउर, डॉ. जैन कुमार पंचेश्वर, प्रो महेश मंडलोई, आयुषी मिश्रा, डॉ. दुर्गा बनवारी, डॉ विशाल सूर्यवंशी, शैलेंद्र जैन समेत काॅलेज के स्टाफ उपस्थित रहे. ग्राम पंचायत बकौड़ी के सरपंच एवं पंचायत समिति के सदस्यों सहित ग्राम की हायर सेकेंडरी स्कूल के स्टाफ तथा कार्यक्रमों के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में गांव के बुजुर्ग, बच्चे, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे।





ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

