धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

सिवनी। नगर के कबीर वार्ड डूंडासिवनी केंद्रीय विद्यालय के समीप साईं नगर दिलबाग नगर में क्षेत्र की समस्त महिला मंडल द्वारा संयुक्त रूप से कराई जा रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार को कृष्ण जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया।

कथा स्थल को फूलों, झालरों और रोशनी से सजाया गया था। कथा वाचक पंडित दिनेश मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जब अधर्म और अन्याय पृथ्वी पर बढ़ गया, तब भगवान विष्णु ने देवकी और वासुदेव के घर आठवें पुत्र के रूप में जन्म लेकर धर्म की पुनर्स्थापना की।

उन्होंने बताया कि कारागार में भगवान का अवतरण केवल एक दिव्य घटना नहीं बल्कि यह संदेश है कि जब भी मानवता संकट में होती है, तब ईश्वर स्वयं उसे मुक्त करने आते हैं। कथा के दौरान जैसे ही जन्म प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर उत्सव का स्वागत किया।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झाँकी अत्यंत मनमोहक रही। झूले में लड्डूगोपाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया था। महिलाएँ और बच्चे भक्ति गीतों पर नृत्य करते नजर आए। भजन-कीर्तन के साथ भक्तों ने रासलीला के प्रसंगों का आनंद लिया। इस दौरान कथा स्थल का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और आनंदमय हो गया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुँच रहे हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष भोग लगाया गया जिसमें माखन-मिश्री, फल-मिष्ठान और पंचामृत प्रमुख रहे। कथा के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती की गई और दीप प्रज्ज्वलन के साथ भक्तों ने प्रभु से लोककल्याण की कामना की। चौथे दिन के इस जन्मोत्सव समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महिलाएँ, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।

ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *