जलकर हुए खाक, DNA टेस्ट से होगी पुष्टि
सिवनी/रिपोर्टर मनीष तिवारी। थाना उगली अंतर्गत ग्राम उगली में शुक्रवार शाम शिक्षक दंपति के घर से मिले दो शवों के मामले ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिक्षिका मालती धुर्वे ग्राम कुम्हड़ा (केवलारी) में तथा शिक्षक समन सिंह धुर्वे दामीझोला (मोहबर्रा) में पदस्थ थे। मौके से मिली जानकारी के अनुसार दोनों शव पूरी तरह जल चुके हैं। शव लगभग राख और हड्डियों में तब्दील हो गया है। पहचान करना बेहद मुश्किल बताया जा रहा है। दोनों शव पलंग पर पड़े मिले हैं। घटना में पलंग और कूलर भी पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना परसों रात या उसके बाद किसी समय हुई हो सकती है। हालांकि घटना का वास्तविक समय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिवनी से एसपी, केवलारी से डीएसपी तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ही वैज्ञानिक रूप से यह पुष्टि हो सकेगी कि घर में मिले दोनों शव उनके माता-पिता के ही हैं या नहीं। घटना के कारण और परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। दोनों पति पत्नी से पिछले दो दिनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था जिसके बाद घर जाकर जानकारी ली गई। दंपति के बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। फिलहाल पुलिस पड़ताल कर रही है।

