सिवनी। नगर परिषद बरघाट और नवगठित छपारा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन सोमवार को हुआ। दोनों नगर परिषद में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। नगर परिषद छपारा में भाजपा की निशा सुरेश पटेल पहली अध्यक्ष निर्विरोध चुनी गईं। वहीं भाजपा के ही ठाकुर शिवकांत सिंह निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। इधर बरघाट में भी भाजपा की इमरता साहू एक वोट से जीतकर अध्यक्ष चुनी गईं हैं।उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा की ममता ठाकुर ने एक वोट से जीत दर्ज की। नगर पालिका सिवनी और नगर परिषद केवलारी में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव 10 अगस्त हाेगा। वही सिवनी नगर पालिका में अधिक संख्या में कांग्रेस के पार्षद जीतने के बाद भी यहां अब अटकलों का दौर जारी है।
नगर परिषद छपारा में महिला पार्षद को अध्यक्ष बनाने पर भाजपा पार्षदों में पहले ही सहमति बन गई थी।छपारा नगर परिषद के 15 में से 7 वार्ड में भाजपा,3 वार्ड कांग्रेस और 5 वार्ड में निर्दलीय जीते हैं।सोमवार को यहां हुए चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के खिलाफ कोई खड़ा नहीं हुआ।कांग्रेस पार्टी ने भी यहां अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी नहीं उतारा।इसके कारण भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
नगर परिषद बरघाट एक वोट से जीत
नगर परिषद बरघाट में गहमा गहमी के बीच हुए अध्यक्ष-उपाघ्यक्ष के चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी इमरता साहू ने एक वोट से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया।उन्हें 15 में से 8 वोट मिले।उनकी प्रतिद्वंदी निर्दलीय पार्षद संगीता वासनिक को 7 वोट मिले।वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की ममता ठाकुर ने भी एक वोट से जीत दर्ज की।उन्हें 8 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी विकास मोर्चा की निर्दलीय पार्षद किरण सूर्यवंशी को 7 वोट मिले।खास बात यह रही की कांग्रेस पार्टी ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा।चुनाव के दौरान कुछ भाजपा नेता मतदाता (पार्षदों) के साथ निर्वाचन कक्ष में प्रवेश करने लगे थे, इसका विरोध होने पर कुछ देर के लिए माहौल बिगड़ता नजर आया, लेकिन फिर मामला शांत हो गया।
बरघाट नगर परिषद में सबसे ज्यादा 15 में से 7 निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत के बाद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव पर सबकी नजरें टिकी थी।यहां भाजपा के 5 और कांग्रेस के मात्र 3 पार्षदों ने जीत दर्ज की।
चुनाव के एक दिन पहले शनिवार देर रात निर्दलीय मोर्चा की अगुवाई कर रहे नगर परिषद बरघाट के पूर्व अध्यक्ष रंजीत वासनिक की गिरफ्तारी से नया मोड़ आ गया।पूर्व अध्यक्ष रंजीत वासनिक की पत्नी ने संगीता वासनिक निर्दलीय पार्षद का चुनाव जीता है, जो अध्यक्ष पद की दौड़ में आगे थीं।राजनीति से जुड़े स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के ठीक पहले रंजीत वासनिक की गिरफ्तारी से चुनाव प्रभावित हुआ है।उनके मुताबिक यदि रंजीत वासनिक की गिरफ्तारी नहीं होती तो अध्यक्ष कोई और होता।
— — — — — — — — — — — — — — — — — — — — — ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।