शुक्रवार को रोमांचक फाइनल में पलटवार, तालियों की गूंज से थर्राया पुलिस ग्राउंड
सिवनी। स्व. श्री सौभाग्यचंद मालू मेमोरियल के अंतर्गत आयोजित अशोक एण्ड अशोक अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। दमदार खेल और रणनीतिक सूझबूझ का प्रदर्शन करते हुए भोपाल की टीम ने शानदार वापसी कर खिताब अपने नाम किया और टूर्नामेंट की सरताज बन गई।
मैच के प्रारंभ से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। तेज आक्रमण, मजबूत डिफेंस और सटीक पासिंग ने दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा। शुरुआती दौर में बिलासपुर ने लगातार दो गोल दागकर भोपाल टीम और उसके समर्थकों को दबाव में ला दिया। एक समय ऐसा प्रतीत हुआ कि मुकाबला बिलासपुर के पक्ष में जा सकता है।
किन्तु हाफ टाइम के बाद भोपाल ने जबरदस्त पलटवार किया। आक्रामक रणनीति और बेहतरीन तालमेल के साथ टीम ने लगातार तीन गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया। निर्णायक क्षणों में खिलाड़ियों का संयम और आत्मविश्वास ही जीत का आधार बना।
दर्शकों की भारी उपस्थिति में खेले गए इस मुकाबले में हर गोल पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों द्वारा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर नगद पुरस्कारों की घोषणाएं भी की गईं, जिन्हें मैच समाप्ति के पश्चात प्रदान किया गया। अंततः विजेता भोपाल टीम को आयोजन समिति एवं मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं सम्मान राशि प्रदान की गई।
भव्य समापन समारोह सम्पन्न – यंग स्टार क्लब, सिवनी के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन समारोह 13 फरवरी 2026, शुक्रवार को पुलिस ग्राउंड में गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि – प्रो. इन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, कुलगुरु, राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा
मुख्य अतिथि उद्बोधन – अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व का भी माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
दिनेश राय मुनमुन, विधायक, सिवनी विधायक का उद्बोधन – दिनेश राय मुनमुन ने यंग स्टार क्लब एवं आयोजन समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतने व्यवस्थित और भव्य स्तर पर अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन करना वास्तव में सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों को बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजा बघेल ने प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपए की राशि आयोजन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रदान की।
अध्यक्षता ज्ञानचंद सनोडिया, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, सिवनी, मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया तथा आयोजन समिति की सराहना की।
मीडिया प्रभारी अब्दुल काबिज खान ने बताया कि विशेष आभार मीडिया साथियों का आयोजन समिति सिवनी के समस्त प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों का हृदय से आभार व्यक्त करती है, जिनकी सकारात्मक एवं निष्पक्ष कवरेज से यह प्रतियोगिता जन-जन तक पहुँची। आप सभी पत्रकार बंधुओं के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं यादगार बन सका।
आयोजन – यंग स्टार क्लब, सिवनी स्व. श्री सौभाग्यचंद मालू मेमोरियल, अशोक एण्ड अशोक अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता समिति – सिवनी अध्यक्ष: संतोष पटेल, कार्यवाहक अध्यक्ष: अमर बी. सिंह, सचिव: नरेन्द्र टांक, अजय सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष: अमित मालू, प्रकाश शर्मा
सदस्य: दिलीप करोसिया, सुरेन्द्र करोसिया, महेन्द्र पंड्या
समापन अवसर पर आयोजन समिति के सचिव अमित मालू ने सभी सहयोगियों एवं विभिन्न समितियों को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

