Breaking
24 Jul 2026, Fri

उमंग स्वास्थ्य कार्यक्रम में उमड़ा युवाओं का सैलाब, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की मिली सलाह

सिवनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सिवनी में ‘उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ वेलनेस’ कार्यक्रम के अंतर्गत युवा विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जीवनोपयोगी जानकारी का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. मानसिंह बघेल ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन-शैली अपनाने के लिए प्रेरणादायी व्याख्यान दिया. उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह का अधिकतम लाभ लेने की अपील की.
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में जिला चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर पुरुषोत्तम डहेरिया ने कहा कि संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से हमारा जीवन सुखमय और निरोगी होता है।

विशेष वक्ता के रूप में जिला चिकित्सालय की किशोरावस्था स्वास्थ्य परामर्शदाता मानसी पलागर ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को बहुत ही आसान और मनोरंजक तरीके से समझाया. उन्होंने युवा विद्यार्थियों को बेहतर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल के टिप्स भी बताए.
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कमलेश टेंभरे ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ तन और स्वस्थ मन से ही जीवन में उमंग और उत्साह बना रहता है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामान्य स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए आंखों, दांतों एवं ब्लड शुगर की नियमित जांच करने की सलाह भी दी गई. कम वजन वाले विद्यार्थियों को पोषक आहार लेने तो वहीं अधिक वजन वाले विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम और फास्ट फूड से दूरी बनाने का सुझाव दिया गया.

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए सहज ध्यान योग पर कार्यशाला का आयोजन मानसिक स्वास्थ्य एवं देखभाल विषय पर सहज ध्यान योग पर एक कार्यशाला का भी आयोजन समानांतर रूप से हुआ. नोडल अधिकारी डाॅ. मनोज टेंभरे ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत सहज ध्यान योग पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपना मानसिक स्वास्थ्य तंदुरुस्त रखने के लिए सहज ध्यान योग के प्रति जागरूक किया गया. सहज योग के जिला समन्वयक बीसी उइके ने सहज ध्यान साधना के महत्व को समझाया. विशेषज्ञ रोहित बघेल ने युवा छात्र-छात्राओं को सहज ध्यान योग अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान युवा छात्र-छात्राओं से दैनिक जीवन और मानसिक स्वास्थ्य विषय पर सार्थक संवाद भी हुआ , जिसमें छात्र-छात्राओं ने बताया कि पिछले बार आयोजित कार्यक्रमों से उन्हें बेहद फायदा हुआ. कई युवाओं ने स्वस्थ जीवन शैली अपना कर सफलता प्राप्त कर रहे हैं. युवाओं ने उमंग हेल्थ वेलनेस के कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें स्वयं के और परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य अच्छा रखने में काफी मदद मिल रही है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. श्यामसिंह राहंगडाले, डॉ टीकाराम सनोडिया, डॉ लीडिया कुमरे , डॉ. सीमा मर्सकोले, प्रो.गनेश मंतारे, डॉ रामकुमार नायक, डाॅ. सविता मसीह सहित महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों, जन-भागीदारी शिक्षकों और गैर अकादमिक विभागों के सदस्यों की भी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में 300 से अधिक युवा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन स्पोर्ट्स ऑफिसर कमलेश टेंभरे ने किया तथा डॉ. मनोज टेंभरे ने सभी के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *