सिवनी। नगर सीमा से लगे नागपुर रोड स्थित हरि दर्शन कॉलोनी टूटी पुलिया मॉडल स्कूल के सामने में बुधवार को हृदय विदारक घटना घटी। जहां माँ की आंखों के सामने ही उसका 4 वर्षीय मासूम पुत्र ऋषि पानी के तेज बहाव में बह गया। मां भी उसे बचाने के लिए उफनते नाले में कूद गई लेकिन वह अपने लाल को बचा नहीं पाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर लगभग 1 बजे नागपुर रोड स्थित हरी दर्शन कॉलोनी के समीप टूटी पुलिया नाले के पास रहने वाले ऋषि यादव पिता लोकेश यादव (4) घर के पीछे जब वह सोच के लिए बैठा था। घर के पीछे नाला में बारिश का पानी तेज बहाव से बह रहा था उसमे गिरने से वह बहने लगा। बीते तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते व बुधवार को हुई तेज बारिश से नाला उफान पर था। तभी 4 वर्षीय ऋषि यादव नाले में गिर गया। पुत्र को नाले में गिरते व पानी के तेज बहाव में बहता देख मां पुत्र को बचाने के लिए उफनते नाले में कूद गई लेकिन मां अपने बेटे को नहीं बचा पाई।
पानी के तेज बहाव से चार वर्षीय बालक लगभग 500 मीटर दूर जाकर एक झाड़ी में फंस गया। वहीं मां 200 मीटर तक बहती चली गई तभी आसपास के लोगों ने किसी तरह मां को बचाया। पुत्र की तलाशी की गई जहां 500 मीटर दूर बेटे का शव मिला। पुत्र की मौत के बाद से मां का रो-रो कर बुरा हाल हैं। मौके पर एनडीआरएफ की टीम व पुलिस अधिकारी पहुंचे। वही बुधवार की शाम को ही शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

