प्रोफेसर बनकर साहित्य सेवा और शिक्षा का आलोक फैलाना उमेश का संकल्प
सिवनी। पीएम कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस के हिंदी विभाग के नियमित छात्र रहे उमेश वट्टी ने अपने पहले ही प्रयास में हिंदी साहित्य जैसे विस्तारित विषय में सेट परीक्षा उत्तीर्ण कर कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर चयनित होने की राह आसान कर ली है। प्रोफेसर बनकर साहित्य सेवा करना और सिवनी जिले के ग्रामीण युवाओं के बीच उच्च शिक्षा का उजाला फैलाना उमेश का संकल्प है। विदित हो कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग समय – समय पर शासन की आवश्यकतानुसार सेट परीक्षा ( राज्य पात्रता परीक्षा) आयोजित करता है।
ग्राम कोटवार की छोटी-सी नौकरी करते हुए पिता सोहन लाल वट्टी और माँ ज्ञानवती ने बेटे उमेश को पढ़ाई के लिए हमेशा प्रेरित किया. केवलारी तहसील के ग्राम कुचीवाड़ा निवासी उमेश ने बताया कि बचपन से ही उसने कुछ अलग करने का लक्ष्य बनाया. बताया कि सिवनी आने पर कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उसे कैरियर निर्माण की प्रेरणा मिली। कहा कि अपने माता पिता के संघर्षपूर्ण जीवन ने कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी।
उमेश का सपना कॉलेज में प्रोफेसर बनकर साहित्य सेवा और शिक्षा का उजियारा फैलाना है। उमेश ने बताया कि वह साथ में यूपीएससी की भी तैयारी कर रहा है। यदि उसे अवसर मिलेगा तो वह आईपीएस बनकर देश की सेवा करना चाहता है। उमेश का कहना है चूंकि यूपीएससी की राह बड़ी कठिन है और यदि आईपीएस न बन सका तो प्रोफेसर बनकर समाज के युवाओं को सही दिशा देने में अपने जीवन समर्पित करने का लक्ष्य तय किया है। उमेश ने बताया कि प्रतिदिन 10 से 12 घंटों के गहन अध्ययन से कोई भी युवा कठिन परीक्षा में भी सफल हो सकता है।
गुरु को माना अपना वैचारिक पिता और मोटिवेटर – हिंदी विभाग के प्रोफेसर सत्येन्द्र कुमार शेन्डे को अपना प्रेरणा स्रोत मानने वाले उमेश ने बताया कि प्रोफेसर शेन्डे उसके वैचारिक पिता की तरह हैं। बताया कि उन्होंने उसके अकादमिक और वैचारिक जीवन को बहुत गहरे रूप से प्रभावित किया है। प्रोफेसर शेन्डे ने मार्गदर्शन देकर हमेशा मोटिवेट किया, मानसिक संबल देकर कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित किया। उमेश ने अपने गहरे मित्र भरत तथा हिंदी विभाग के शिक्षकों छाया राय और अमितोष सनोडिया के सहयोग के लिए भी आभार जताया।
उमेश की सफलता पर प्राचार्य डॉ रविशंकर नाग, डाॅ सविता मसीह और हिंदी विभाग सहित महाविद्यालय तथा परिवारजन, मित्रों और शुभचिन्तकों ने शुभकामनाएँ दीं हैं।

ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

