test
Breaking
19 Mar 2026, Thu

छात्रों में आत्महत्या और मानसिक तनाव रोकने जिला राष्ट्रीय टास्क फोर्स इकाई का हुआ गठन

युवाओं में आत्महत्या और मानसिक अवसाद रोकना हमारा नैतिक कर्तव्य – कलेक्टर

सिवनी। देश के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की बढ़ती आत्महत्या की गंभीर स्थिति पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के सभी शासकीय और प्राइवेट काॅलेजों में राष्ट्रीय टास्क फोर्स (NTF) इकाइयों का गठन किया जाना है. इसी अनुक्रम में, जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस में राष्ट्रीय टास्क फोर्स (एनटीएफ) की जिला इकाई का गठन किया गया।

एनटीएफ की जिला इकाई की बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर शीतला पटले ने कहा कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए ध्यान देना होगा. कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कॉलेजों में प्रेरणाप्रद जीवनी, आत्मकथा और प्रेरक साहित्य छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए. सभी संस्थाओं में एनटीएफ इकाइयों के अंतर्गत अभिभावक-शिक्षक संघ स्थापित कर सक्रिय संवाद स्थापित करना होगा. कलेक्टर ने कहा कि क्लब- कल्चर के माध्यम से छात्र-छात्राओं का मानसिक दबाव कम किया जा सकता है.

कलेक्टर ने कहा कि संस्थानों में प्रवेश के समय कैंप और शिविर लगाकर छात्र-छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए. बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित होनी चाहिए. कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को तंबाकू और नशा मुक्त परिसर बनाने की पहल सुनिश्चित करना होगा. कलेक्टर शीतला पटले ने कहा कि छात्रों में आत्महत्या और मानसिक तनाव को रोकना हमारा नैतिक दायित्व है.

जिला एनटीएफ के सचिव डॉ. रविशंकर नाग ने कहा कि जिला राष्ट्रीय टास्क फोर्स इकाई सभी शैक्षणिक संस्थानों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से अपेक्षा करती है कि छात्र कल्याण को सशक्त बनाने में सभी अपना सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें।

एनटीएफ की बैठक में जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय, एडीशनल एसपी दीपक मिश्रा, स्पोर्ट्स ऑफिसर केसी राउर, डॉ.मनोज टेंभरे, प्रो. गनेश मंतारे,प्रो. रंजीता कमलेश, बाल संरक्षण अधिकारी विकास दुबे समेत जिला एनटीएफ इकाई के सभी सदस्य मौजूद रहे.

राष्ट्रीय टास्क फोर्स की जिला इकाई में ये रहेंगे सदस्य
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस के प्राचार्य डाॅ. रविशंकर नाग ने बताया कि जिले में छात्रों में आत्महत्या, मानसिक तनाव को रोकने तथा मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के लिए उच्च शिक्षा विभाग के तहत जिले में गठित राष्ट्रीय टास्क फोर्स (NTF) इकाई में, जिला कलेक्टर अध्यक्ष होंगे. जिले के पुलिस अधीक्षक उपाध्यक्ष और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस के प्राचार्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे. जिले के सीएमएचओ डॉ जयपाल सिंह ठाकुर, जिला मनोविज्ञानी डॉ. जयज काकोड़िया, एनजीओ प्रतिनिधि के रूप में बद्री प्रसाद सनोडिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मनोज लारोकर तथा डॉ रामकुमार नायक प्राचार्य प्रतिनिधि के रूप में एनटीएफ के सदस्य होंगे. जिला चिकित्सालय के मनोविशेषज्ञ डॉ उमेश पाठक विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे. राहुल पन्द्रे और मीनाक्षी लांजेवर छात्र सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे.
जिला एनटीएफ का उद्देश्य छात्रों में आत्महत्या के कारणों का पता लगाना, जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट काॅलेजों में मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उपाय सुझाना और आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए व्यवहारिक नीतियाँ का अनुसरण करना है। रैगिंग, शैक्षणिक दबाव, आर्थिक तनाव और भेदभाव जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान देकर छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग भी की जाएगी।

डॉ नाग ने बताया कि जिला टास्क फोर्स के अंतर्गत जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट काॅलेजों में भी स्वास्थ्य क्लब का गठन किया जाएगा , जिसमें एनसीसी, एनएसएस और खेल विधाओं से दो-दो छात्रों का चयन किया जाएगा. बताया कि हर कॉलेज में मानसिक अवसाद से ग्रस्त छात्र-छात्राओं की यथासंभव पहचान कर स्वस्थ और सफल जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से समन्वय बनाते हुए जिले के मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों को भी छात्र छात्राओं की काउंसलिंग और परिचर्चा तथा कार्यशाला में समय-समय पर आमंत्रित किया जाएगा.

ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *