हवन-पूजन, महाआरती के बाद भजनों के साथ देर शाम तक चला भंडारा
सिवनी। शहर से सात किलोमीटर दूर सीलादेही की वैष्णवी पहाड़ी में मां अन्नपूर्णा का दर्शन-पूजन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 18 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को विधि-विधान से हवन-पूजन, महाआरती, भंडारे व भजन संध्या के साथ समापन किया गया। वहीं बुधवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग वेनगंगा नदी तट स्थित लखनवाड़ा छपारा सहित अन्य प्रमुख नदियों में दीपदान भी करने पहुंचे। सीलादेही में बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।
सारे जगत का अन्न भंडार भरने की कामना से स्थापित मां अन्नपूर्णा देवी को छप्पन भोग अर्पित किए गए, श्रद्धालुओं ने मातारानी का आर्शीवाद प्राप्त किया। मां वैष्णवीदेवी धाम सेवादार समिति के सदस्यों ने बताया कि कन्या भोजन के बाद मां अन्नपूर्णा के भंडारा प्रारंभ किया गया, जो भक्तिमय भजन कार्यक्रमों के साथ देर शाम तक निरंतर जारी रहा। भाजपा द्वारा 5 नवंबर को कारीरात से प्रारंभ की गई एकता पद यात्रा का समापन सीलादेही पहाड़ी में समारोहपूर्वक किया गया। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने निधि से स्वीकृत 15 लाख रुपये टीन शेड निर्माण कार्य भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में सांसद भारती पारधी के अलावा भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्राकृतिक वातावरण का लिया आनंद – ब्रह्मलीन जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज द्वारा पूजित मां वैष्णवी देवी धाम सीलादेही में प्रतिवर्ष धनतेरस से मां अन्नपूर्णा महोत्सव का प्रारंभ किया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुए मां अन्नपूर्णा के महाप्रसादी (भंडारा) में भक्तों को दाल-बाफले, कढ़ी-पुलाव, हलुआ-खीर इत्यादि परोसा गया। रमणीय धार्मिक स्थल पर शहरवासियों ने परिवार सहित पहुंचकर देवी मां का दर्शन किया। भक्ति गीत-भजनों की प्रस्तुति स्थानीय कलाकारों दी गई। यह स्थल रमणीय धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। चारों ओर हरियाली व नैसर्गिंक सुंदरता यहां पहुंचने वाले लोगों को सुकून देती है। वन विभाग ने सीलादेही पहाड़ी को नगर वन के रूप में विकसित कर इसे सैर सपाटे के लिए अनुकूल बनाया है। परिवार, मित्रों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहाड़ी की ऊंचाई से दूर-दूर तक फैली हरियाली के विहंगम नजारे का आनंद लिया।





ताजासमाचार ग्रुप से जुड़ने लिंक मांग सकते हैं। वाट्सएफ नम्बर 94 2462 9494 से । या न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

