Breaking
12 Nov 2025, Wed

17 वर्षीय युवती के बाद फिर तेंदुए ने किया 48 वर्षीय महिला का शिकार, लहुलुहान, मौत

सिवनी। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे धान की फसल काटने गई महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से महिला की मौत हो गई हमले के बाद तेंदुआ महिला के शव को घसीट कर पास ही स्थित दूसरे खेत में ले गया। इस दौरान आस-पास मौजूद अन्य महिलाओं व ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इस हादसे के बाद से ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से तेंदुए के हमले से हो रही मौत को लेकर ग्रामवासियों में दहशत व्याप्त है। अब ग्रामीण कृषि कार्य के लिए गांव से दूर खेत में जाने वह समीपस्थ जंगल जाने में घबरा रहे हैं शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते हैं।

वन विकास निगम बरघाट के केवलारी रेंज अंतर्गत गांव मोहगांव निवासी गजरोबाई पति उदल पंचेश्वर (48) गांव की 4 महिलाओं के साथ जंगल से लगे खेत में मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे धान की फसल काटने गई थी। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। कुछ दूर ले जाकर जब तेंदुआ महिला को अपना भोजन बना रहा था, उसी दौरान साथ में गई महिलाओं की नजर उस पर पड़ी।इसके बाद महिलाओं व अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ भाग गया।घटना के बाद से जहां गांव में दहशत व्याप्त है, वही ग्रामीणों में आक्रोश भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया है कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस घटना के 3 घंटे बाद भी वन विभाग व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। मोहगांव सहित आसपास के ग्रामीण घटना के बाद मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान वन विभाग के चौकीदार को ग्रामीणों ने घेर लिया। मौके पर उगली थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया।उगली थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण खासे आक्रोशित हो गए थे जिन्हे समझाकर शांत कराया गया है।

जिले के दक्षिण सामान्य वनमंडल के कान्हीवाड़ा वन परिक्षेत्र के पांडीवाड़ा गांव से लगे जंगल में 16 अक्टूबर की दोपहर पिता जंगलू यादव के साथ मवेशी चराने गई 17 वर्षीय किशोरी रवीना यादव की तेंदुए ने हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तेंदुआ किशोरी को दबोचकर करीब डेढ़ सौ मीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में ले गया था।गांव से करीब 3 किमी दूर पहाड़ी क्षेत्र के जंगल में बेटी रवीना यादव के साथ चरवाहा पिता जंगलू यादव मवेशियों को चराने जंगल गया था। इसी दौरान किशोरी को दबोचकर तेंदुआ कुछ दूर ले गया था। पीछा करते हुए पिता जंगलू ने डंडा पटक कर खूंखार तेंदुए के चंगुल से बेटी को बचाने का प्रयास किया था, इस दौरान तेंदुए ने पिता पर भी झपटने का प्रयास किया था।इसके बाद बड़ी संख्या एकत्रित होकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे।ग्रामीणों का कहना है कि आस-पास के क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बढ़ता ही जा रहा है, इसके बाद भी वन विभाग का अमला तेंदुए को पकड़ने के लिए सार्थक प्रयास नहीं कर रहा है।

— — — — — — — — — — — — — — — — — — — — —  ताजासमाचार पढ़ने के लिए न्यूज के नीचे जाए और दिए गए वाट्सएफ जवाइन निर्देश बॉक्स में दो बार क्लिक कर ग्रुप में ज्वाइन हो सकते हैं, या 94 2462 9494 सेव कर ज्वाइन की लिंक मांग सकते हैं। संतोष दुबे, सिवनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *